कुंदरकी। शुक्रवार देर शाम मुरादाबाद आगरा हाईवे पर दो सड़क हादसों में एक किशोर समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल किशोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाइक सवार दीपक रस्तौगी, राजेश और विपिन बिलारी में रहने वाली अपनी बहन के घर से वापस मुरादाबाद अपने घर लौट रहे थे। जब इनकी बाइक कुंदरकी थाना क्षेत्र हाईवे पर ग्राम हुसैनपुर के निकट से गुजर रही थी तभी एक कार से बचने के दौरान अनियंत्रित हो गई। बाइक सामने से आ रही साइकिल को टक्कर मार कर गिर गई।
इस दौरान साइकिल सवार अनिल निवासी ग्राम हुसैनपुर थाना कुंदरकी घायल हो गए। हादसा होने पर घायल के परिजन और ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने बाइक सवारों की गलती बताते हुए हाथापाई शुरू कर दी। लेकिन कुछ जागरूक लोगों ने आगे आकर बाइक सवारों को बचा लिया। वहीं दूसरा हादसा भी हाईवे पर ग्राम हुसैनपुर के निकट ही हुआ है। इस हादसे में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार रोहित निवासी ग्राम हुसैनपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।