हेल्थ वर्करों से शुरू हुआ कोरोना टीकाकरण अभियान 12 से 14 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों तक पहुंच गया है। शहर अरबन पीएचसी पर भी बच्चों और बड़ों का टीकाकरण किया जा रहा है। लेकिन अरबन पीएचसी तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। अरबन पीएचसी मझोला और मिलन विहार को ढूंढना मरीज के लिए मुश्किल है। मुख्य सड़क पर संचालित अरबन पीएचसी मझोला के बाहर या सड़क पर कोई बोर्ड नहीं है। यही हाल अरबन पीएचसी मिलन विहार का है। यहां अस्पताल के बाहर बोर्ड है। लेकिन मुख्य सड़क पर बोर्ड नहीं है। वहीं नौ बजे खुलने वाले इन अस्पतालों में पौने ग्यारह बजे तक टीकाकरण जीरो मिला, जबकि लोग बच्चे और बड़े टीकाकरण के इंतजार में बैठे थे। ऐसे में अगर इन अस्पतालों को ढूंढ लिया तो आपको टीकाकरण के लिए इंतजार करना पड़ेगा, तभी आपको टीका लग पाएगा। वहीं जिला अस्पताल के केंद्र में बिजली टीकाकरण की राह में रोड़ा बन रही है। बिजली गुल होने पर नेटवर्किंग फेल हो जाती है। यहां भी लोगों को इंतजार करना पड़ता है।
सुबह 10.45 बजे: अरबन पीएचसी मझोला
मुरादाबाद। मझोली तिराहा से पुतलीघर को जाने वाली मुख्य सड़क पर चंद कदमों की दूरी पर संचालित अरबन पीएचसी मझोला डीएल सैनी स्कूल परिसर के एक हिस्से में संचालित है। मुख्य सड़क पर होने के बाद भी आम आदमी को इसे ढूंढना मुश्किल है। अस्पताल के बाहर कोई बोर्ड नहीं लगा है। यहां शुक्रवार सुबह 10.45 बजे तक किसी को टीका नहीं लगा था, जबकि चार लोग टीकाकरण के इंतजार में बैठे थे। इसमें एक बच्ची भी शामिल थी। इस दौरान स्टाफ मेज की सफाई और वायर जोड़ते मिला, जबकि अस्पताल खुलने का समय सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक है।
सुबह 10.55 बजे: अरबन पीएचसी मिलन विहार
मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित मिलन विहार के कुंज विहार-17 की गली अरबन पीएचसी संचालित है। अस्पताल के बाहर तो बोर्ड लगा मिला, लेकिन मुख्य सड़क पर कोई बोर्ड नहीं मिला। यहां टीकाकरण के इंतजार में प्रीति बैठीं मिली। करीब 11 बजे तक यहां टीकाकरण की संख्या शून्य रही। स्टाफ टीकाकरण शुरू करने के लिए कंप्यूटर पर काम करता मिला। इस बीच दो लोग टीकाकरण करने पहुंच गए।
दोपहर 2.30 बजे: अरबन पीएचसी टाउनहॉल
मुरादाबाद। अरबन पीएचसी टाउनहॉल में दोपहर ढाई बजे तक 12 से 14 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों के टीकाकरण की रफ्तार धीमी मिली। दोपहर तक सिर्फ बारह बच्चों का टीकाकरण किया जा सका था। इस बीच बुधवार बाजार निवासी सारस्वत गुप्ता अपने पिता के साथ वैक्सीन लगवाने पहुंचे। यहां स्टाफ टीकाकरण के लिए बच्चों के इंतजार में बैठा मिला।
जिला अस्पताल में टीकाकरण अभियान को लग रहे बिजली के झटके
मुरादाबाद। जिला अस्पताल के टीकाकरण में बिजली परेशानी का सबब बन रही है। टीकाकरण के दौरान कई बार बिजली नहीं आने की वजह से नेटवर्किंग चली जाती है, जिस कारण टीका लगवाने आए लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। कई लोग तो इससे परेशान होकर बिना टीका लगवाए घर लौट जाते है। शुक्रवार को भी बीच में कई बार बिजली गुल होने से नेटवर्किंग चली गई। जिससे टीकाकरण की साइट बंद हो गई। इस कारण टीका लगवाने आये बच्चों और उनके परिजनों को काफी देर तक टीकाकरण सेंटर में इंतजार करना पड़ा।
क्या बोले बच्चे
- पिता के साथ जिला अस्पताल के कोरोना का टीका लगवाने आया था। पहुंचते ही बिजली चली गई। इसके चलते टीकाकरण की नेटवर्किंग चली गई और साइट बंद हो गई। काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद टीकाकरण हो पाया। - हर्ष कुमार, मोहल्ला बंगला गांव
- चाचा के साथ जिला अस्पताल के सेंटर पर टीकाकरण कराने गया था। सेंटर पर लाइट की वजह से कोविड की साइट नहीं चल रही थी। काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। बिजली आने पर साइट चली, तब जाकर टीका लग सका। - वरुण कुमार, बंगला गांव
- जिला अस्पताल में टीकाकरण कराने गया था। बिजली गुल होने पर टीकाकरण के लिए इंतजार करना पड़ा। काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इस बीच मोबाइल की मदद से ऑपरेटर ने वेरीफाई कर टीका लगा दिया। - रचित, रामगंगा विहार
- रामगंगा विहार से जिला अस्पताल टीकाकरण कराने पहुंचा तो सेंटर की बिजली गुल मिली। जानकारी ली तो पता चला कि नेटिवर्किंग फेल है। बिजली आएगी तभी टीका लग सकेगा। पिता के साथ काफी देर तक सेंटर में बैठा रहा। बाद में ऑपरेटर की मदद से टीका लग गया। - सचित, रामगंगा विहार