कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर की ओर से फेसबुक पर उनका फर्जी बयान डालने के आरोप में पुलिस ने गठबंधन के प्रत्याशी आजम खां और उनके समर्थक अहमद रईस खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर ने सोमवार की देर रात सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि चुनाव को अपने पक्ष में करने के लिए सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी आजम खां के कहने पर उनके समर्थक अहमद रईस खां ने सोशल मीडिया पर अपने फेसबुक एकांउट से मेरा गलत बयान डाल दिया। इस पोस्ट के जरिए मेरी छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। ऐसा करना आचार संहिता का उल्लंघन भी है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आजम खां और उनके समर्थक अहमद रईस खां के खिलाफ आईपीसी धारा 171 (एफ), 505 (2) और सूचना प्रौद्योगिक संशोधन अधिनियम-2008 की धारा 67 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।