मुरादाबाद। कोतवाली में फरीदाबाद निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उनके पिता, मां और भाई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज किया गया है। शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने ये कार्रवाई की है।
मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र के सागर सराय निवासी सतेंद्र कुमार शर्मा शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी दीक्षा की शादी नौ दिसंबर 2020 को हरियाणा के फरीदाबाद निवासी सॉफ्टवेयर अंतुल शर्मा के साथ की थी। शादी के समय अंतुल शर्मा आईबीएम कंपनी में बिजनेस प्रोग्राम मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वर्तमान में वह किसी दूसरी कंपनी में कार्यरत है। जबकि दीक्षा भी आईबीएम कंपनी में कार्यरत है। सतेंद्र शर्मा का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से शादी में दान दहेज दिया था। जिससे दीक्षा का पति अंतुल शर्मा, ससुर बृजभूषण शर्मा, देवर अनमोल शर्मा नाखुश थे। उन्होंने शादी के बाद से ही दीक्षा को दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया था। दीक्षा पर दबाव बनाया गया कि वह अपने मायके से 11 लाख रुपये और एक कार लेकर आए। तब ही उसे घर में रखा जाएगा। एक अगस्त 2021 को पति और उसके परिजन दीक्षा को ये कहकर छोड़कर गए कि रक्षाबंधन के बाद ले जाएंगे, लेकिन इसके बाद वह दीक्षा को बुलाने नहीं आए।
इसके बाद 23 नवंबर 2021 को दोनों पक्षों की पंचायत हुई। जिसमें फिर से दहेज की मांग की गई। उन्होंने दीक्षा को बिना दहेज के साथ लेने जाने से साफ इनकार कर दिया। धमकी दी कि वह अब अंतुल की दूसरी शादी कर लेंगे। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।