रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में शनिवार को खनन की रही गाड़ी को पकड़ने की कोशिश पर राजस्व टीम के साथ मारपीट, डकैती और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने नौ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक नायब तहसीलदार संजय कुमार व शिव प्रकाश के नेतृत्व में राजस्व टीम शनिवार को जौहर की पुलिया से बगी गांव की ओर गश्त कर रही थी। टीम ने खनन करके ले जा रही एक गाड़ी को पकड़ने की कोशिश पर खनन माफिया ने हमला कर दिया। आरोप है कि नायब तहसीलदार बचने का प्रयास करते हुए आगे निकल गए तो खनन माफिया ने उनका पीछा किया और गाड़ी पर फायरिंग की। टीम के साथ मारपीट करते हुए गले में पड़े सोने के आभूषण लूट लिए। किसी तरह बचकर लौटी टीम ने जानकारी अफसरों को दी। जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
नायब तहसीलदार संजय कुमार ने गंज थाने में तहरीर दी। जिस पर स्वार के बिजारखाता निवासी मुजफ्फर, सोनू उर्फ शुऐब, चिंटू, उसमान, नदीम, सोनकपुर निवासी नासिर, महेरबान, अनीस, नाजिम और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।
गंज कोतवाल रविंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 147,148,149 (एक से अधिक लोगों द्वारा हमला करना ) 307(जानलेवा हमला करना), 325(मारपीट कर घायल करना ), 332, 353 (सरकारी कार्य में बाधा डालना), 395(डकैती), 504 (गाली-गलौज करना), 506(जान से मारने की धमकी देना) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।