मुरादाबाद। सांई क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित मुरादाबाद क्रिकेट चैंपियनशिप के फाइनल में अर्द्धमौनी मानसरोवर और पेंटा स्पोर्ट्स के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। शुक्रवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मैच में अर्द्धमौनी मानसरोवर ने एवरग्रीन टीम को हराया। इसमें अर्द्धमौनी मानसरोवर टीम की ओर से चार विकेट लेने वाले सार्थक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में पेंटा स्पोर्ट्स ने ब्रास सिटी टीम को हराया। इसमें कप्तान पर्व सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले मैच में एवरग्रीन टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण को चुना। एवरग्रीन टीम के सामने महज 136 रन का लक्ष्य रखा। शोएब ने सर्वाधिक 46 और आर्यन ने 44 रन बनाए। एवरग्रीन टीम के नयन ने दो विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए एवरग्रीन टीम आसान लक्ष्य भी अर्जित नहीं कर सकी और 94 रनों पर ऑलआउट हो गई। अर्द्धमौनी टीम के सार्थक ने चार और हर्षित ने दो विकेट लिए।
दूसरे मैच में ब्रास सिटी टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और मात्र 94 रनों का लक्ष्य पेंटा स्पोर्ट्स टीम को दिया। इसमें वाकर जैदी ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। पेंटा स्पोर्ट्स टीम की ओर से पर्व सिंह और अरबाज ने तीन-तीन विकेट लिए। पेंटा स्पोर्ट्स टीम आसान लक्ष्य 18.1 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल किया। ब्रास सिटी की ओर से विकास ने तीन विकेट लिए।
मैच के दौरान केजीके कॉलेज के प्राचार्य सुनील चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी गोपी कृष्ण, अनिल चौहान, आलोक राठौर, प्रिंस आदि मौजूद रहे। कोच सुशील शर्मा ने बताया कि फाइनल मैच 13 जून को अर्द्धमौनी मानसरोवर और पेंटा स्पोर्ट्स के बीच खेला जाएगा।