साइबर हमलों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए केंद्र सरकार देश भर में योद्धाओं की फौज तैयार कर रही है। पुलिस, सीबीआई, विजिलेंस, एनआईए, कस्टम और ट्रेनिंग संस्थानों के चुनिंदा अफसरों को स्पेशल कोर्स कराया जा रहा है। नेशनल पुलिस अकादमी हैदराबाद में सप्ताह भर की ट्रेनिंग हो रही है।
ट्रेनिंग के बाद यह सभी अफसरों अपने अपने विभागों के अधिकारियों को हैकर से टक्कर लेने के टिप्स देंगे। भारत में पाकिस्तान और चीन से सर्वाधिक साइबर हमले हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने भी पिछले महीने सभी संवेदनशील मंत्रालयों को अलर्ट किया था।
कहा था कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी वेबसाइट हैक करके जरूरी गोपनीय सूचनाएं हासिल कर सकती है। अब गृह विभाग ने साइबर हमलों से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को ताकतवर करने का फैसला किया है। इसके लिए नेशनल पुलिस अकादमी हैदराबाद में स्पेशल कोर्स कराया जा रहा है।
जिन 32 अफसरों को ट्रेनिंग दी जा रही है उनमें मुरादाबाद पीटीएस के आईजी भजनीराम मीना भी हैं। इनके साथ यूपी से डीआईजी प्रशांत कुमार, आईपीएस चंद्रप्रकाश, एंटीकरप्शन के आईजी विजय प्रकाश, सीबीआई के एसपी प्रेम गौतम शामिल हैं। 12 अक्तूबर से यह ट्रेनिंग शुरू हुई है जो 17 तक चलेगी।
एनपीए में ट्रेनिंग ले रहे आईजी बीआर मीना ने बताया कि साइबर क्राइम की कई बड़ी वारदातों के वर्कआउट को केस स्टडी के रूप में पढ़ाया जा रहा है। अब तक जो आंकड़े बताए गए हैं उसके मुताबिक सबसे ज्यादा साइबर हमले पाकिस्तानी हैकरों द्वारा किए जा रहे हैं।