मुरादाबाद। गर्मी और ओवरलोडिंग के कारण शहर में ट्रांसफार्मरों में फाल्ट बढ़ गए हैं। सोमवार को खुशहालपुर रोड पर 250 केवी के ट्रांसफार्मर में आग लगने से तीन एलटी जल गईं। इसके कारण खुशहालपुर रोड, सिद्धार्थनगर के लोगों को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में लोगों को पीने के लिए पानी भी तरसना पड़ा।
बिजली आपूर्ति ठप होने से कुछ देर तो इनवर्टरों ने साथ दिया इसके बाद बंद पड़ गए। लोग दिन भर बिजलीघर को फोन कर बिजली नहीं आने की शिकायत करते रहे लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। भीषण गर्मी में करीब 12 घंटे की परेशानी के बाद रात आठ बजे उन्हें राहत मिली। एसडीओ ब्रजेश कुमार ने बताया कि 250 केवी के ट्रांसफार्मर में लीड जलने के कारण आग लग गई। फायर ब्रिगेड बुलाकर आग बुझाई गई। गनीमत रही कि पूरा ट्रांसफार्मर नहीं जला। दूसरी ओर कांशीराम नगर अलकनंदा फीडर के ट्रांसफार्मर की एचटी लाइन में आग लगने से बिजली कटौती हुई। दोपहर में तकरीबन तीन घंटे लोग गर्मी से बेहाल रहे।
टाउनहॉल बिजलीघर से जुड़ी 33 केवी की हाइटेंशन लाइन में खराबी के कारण पारकर रोड, कोर्ट रोड, मिशन कंपाउंड, गंज, गुहट्टी, मंडी चौक समेत तमाम इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोपहर भर बिन बिजली लोगों का बुरा हाल रहा। गंज बाजार क्षेत्र में दुकानदारों को भी काफी परेशानी हुई। जेई ने बताया कि दोपहर ढाई बजे तक लाइन की मरम्मत कर सप्लाई सुचारु कर दी गई थी।
इसके अलावा मंडी समिति क्षेत्र के सरिता नगर में ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से डेढ़ घंटा बिजली बाधित रही। दोपहर दो बजे से साढ़े तीन बजे तक बिजलीघर पर उपभोक्ताओं के फोन आते रहे। जेई ब्रजेश कुमार ने बताया कि विद्युत कर्मियों को लगाकर फाल्ट की मरम्मत करा दी गई।
फाल्ट की मरम्मत करते लाइनमैन को लगा करंट
मुरादाबाद। पुरानी तहसील क्षेत्र में ट्रांसफार्मर के फाल्ट की मरम्मत करते समय लाइनमैन को करंट लग गया। सहकर्मियों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के बाद सोमवार शाम को उन्हें घर भेज दिया गया। लाइनमैन अरशद ने बताया कि वह मंडी चौक बिजलीघर पर संविदा पर तैनात है।
फाल्ट ठीक करते समय ट्रांसफार्मर की वापसी वाली लाइन में करंट आ गया। यह लाइन लोगों में के घरों में लगे इनवर्टरों से करंट लेती है। इसके कारण बिजलीघर से सप्लाई बंद होने के बावजूद उन्हें कंरट लगा। लाइनमैन की चूक रही कि उन्होंने फाल्ट ठीक करते समय रबर का दस्ताना नहीं पहना था। जबकि विद्युत निगम ने उन्हें किट उपलब्ध करा रखी है। संवाद