मुरादाबाद के मझोला थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले में एक सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी पुत्रवधू के साथ दुष्कर्म किया। दो दिन बाद घर लौटे बेटे ने इसका विरोध किया तो गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
बेटे की हत्या के दौरान पहुंची कमरे में पहुंची अपनी पत्नी पर भी सिक्योरिटी गार्ड ने फायर झोंका, वह बाल-बाल बच गई। आरोपी ने हत्या की वारदात को अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर अंजाम दिया। पीड़ित पुत्रवधू की ओर से ससुर व देवर के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
मझोला थानाक्षेत्र के सूर्य नगर की रहने वाली एक युवती की शादी जनवरी 2019 में हनुमान नगर निवासी युवक के साथ हुई थी। युवक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वाय है। युवक के पिता भी निजी अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड हैं। गार्ड के पास लाइसेंसी बंदूक और पिस्टल हैं।
वार्ड ब्वाय की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की रात उसके पति काम के सिलसिले में बाहर गए थे। सास, ननद और दोनों छोटे देवर भी घर में मौजूद नहीं थे। इसी दौरान ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे उसका पति घर लौटा तो उसने अपने ससुर की शिकायत की।