मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में होली पर खपाने के लिए एक घर में अवैध शराब बनाई जा रही थी। बुधवार रात आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस को साथ लेकर अवैध शराब की फैक्टरी में दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी वहां से भाग निकला, जबकि पिता-पुत्र को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अवैध देशी शराब के 805 क्वार्टर और खाली क्वार्टर व रैपर बरामद किए हैं। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कबूला है कि उन्होंने होली पर खपाने के लिए अवैध शराब तैयार की थी।
मूंढापांडे थाना प्रभारी संजय पांचाल ने बताया कि बुधवार रात करीब ग्यारह बजे आबकारी निरीक्षक सिद्धार्थ विक्रम सिंह ने टीम के साथ गोविंदपुर कला निवासी रामा यादव के घर दबिश दी। इसी दौरान मूंढापांडे की पुलिस भी टीम के साथ मौजूद थी। टीम ने घर में प्रवेश किया तो एक आरोपी मौके से भाग निकला, जबकि दो आरोपी मौके पर ही दबोच लिए। पकड़े गए आरोपियों में रामा यादव और उसका बेटा राहुल यादव है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 805 देशी शराब के अवैध क्वार्टर, 283 प्लास्टिक के खाली क्वार्टर और दिलदार के रैपर बरामद किए हैं। आरोपियों ने आबकारी और पुलिस की पूछताछ में बताया कि उन्होंने होली पर खपाने के लिए शराब बनाई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि आबकारी निरीक्षक की ओर से आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गुरुवार दोपहर आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।