मुरादाबाद। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की महानगर इकाई ने मिठाई के साथ डिब्बे का वजन लेने, दुकानों पर मिठाई के भाव और एक्सपायरी डेट नहीं लिखने के साथ एक किलो के नाम पर 900 ग्राम मिठाई देने के मामले में नाराजगी जताई है। संगठन ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
कचहरी स्थित चैंबर नंबर 41 में आयोजित बैठक में महानगर के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को मिलावटी मिठाइयों और ग्राहकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। महानगर अध्यक्ष दीपचंद पासी ने कहा कि कई मिठाई की दुकानों पर मिठाई के साथ डिब्बे का वजन भी तौला जाता है। इसमें ग्राहकों को मिठाई की निर्धारित मात्रा नहीं मिल पाती है। रजत अग्रवाल ने आरोप कि कुछ दुकानों पर मिठाई के भाव और उसकी तारीख से संबंधित जानकारी प्रदर्शित नहीं की जा रही हैं। नितेश सैनी ने बताया कि दुकानों पर नकद और ऑनलाइन भुगतान के लिए अलग-अलग कीमतें रखी गई हैं।
प्रांत प्रमुख विनीत भटनागर ने ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ चर्चाएं आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने ग्राहकों से प्रत्येक खरीदारी की रसीद लेने की अपील की है। अध्यक्षता विक्की भटनागर और संचालन दीपचंद पासी ने किया। इस दौरान रजत अग्रवाल, नितेश सैनी, प्रमोद प्रजापति, प्रकाश, अमी भटनागर और सोनिका भटनागर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।