मुरादाबाद। बिलारी विकास खंड की ग्राम पंचायत सरथल के रोजगार सेवक सुमित कुमार राघव और ग्राम विकास अधिकारी (ग्राम सचिव) संजीव चौधरी के बीच लेन-देन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। रोजगार सेवक ने सचिव पर मानसिक रूप से परेशान करने और भुगतान पत्रावली पर हस्ताक्षर करने के एवज में साढ़े तीन हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत भी की है। डीएम ने इस मामले की जांच के आदेश पीडी को दिए हैं। पीडी ने दोनों पक्षों को बयान के लिए सोमवार को बुलाया है।
वायरल हो रहे वीडियो में रोजगार सेवक सुमित कुमार राघव विकास खंड कार्यालय में ग्राम सचिव संजीव चौधरी को अपनी पैंट की पीछे की जेब से कुछ निकाल कर देता दिखाई दे रहा है। जिसे संजीव अपनी शर्ट की आगे जेब में रखते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों गर्म कपड़े पहने हैं, लिहाजा वीडियो सर्दी के दिनों का बताया जा रहा है।
इस वीडियो के साथ रोजगार सेवक ने डीएम को एक शिकायती पत्र भी दिया है। इसमें उसने ग्राम सचिव संजीव चौधरी पर मानसिक रूप से परेशान करने व पैसों की मांग करने का आरोप लगाया है।
रोजगार सेवक का आरोप है कि ग्राम सचिव ने पौधरोपण कार्य व प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों की मजदूरी की पत्रावली पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी और मांग पूरी हुए बगैर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद उसने मजबूर होकर 3500 रुपये ग्राम सचिव को दिए। डीएम शैलेंद्र सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए परियोजना निदेशक सतीश चंद्र मिश्रा को जांच के आदेश दिए हैं। इसके बाद से महकमे में हड़कंप मचा है।