मुरादाबाद। डॉक्टर के क्लीनिक में धनतेरस वाले दिन करंट से झुलसे इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। मोक्ष धाम जाते समय पीतल बस्ती गेट पर परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दियाया।
कटघर के बल्देवपुरी का रहने वाला भगत सिंह पुत्र चरण सिंह इलेक्टीशियन था। धनतेरस वाले दिन वह डॉक्टर के क्लीनिक में काम करते समय करंट की चपेट में आ गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे दिल्ली ले गए थे। शुक्रवार को दिल्ली में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार को शव कटघर के बल्देवपुरी उसके घर लाया गया। शाम के समय परिवार वालों ने डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शव रखकर पीतल बस्ती गेट पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पाकर कटघर इंस्पेक्टर तेजवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।