मुरादाबाद। शहर की दो कालोनियों में बिजली गिरने से 18 मकानों में रह रहे परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। बिजली गिरने से कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं जबकि 18 घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। रविवार शाम को मौसम के करवट लेने से यह घटना हुई। पहले जयंतीपुर में रविवार शाम सवा पांच बजे बिजली गिरी। इससे स्थानीय निवासी अमर सिंह समेत 12 लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए।
इसके ठीक पांच मिट बाद मानसरोवर कालोनी में बिजली गिरी और छह मकान प्रभावित हुए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। मानसरोवर कालोनी में बी-49 निवासी अनिल तोमर ने बताया कि बारिश के दौरान सभी लोग घर में मौजूद थे। शाम पांच बजकर 20 मिनट पर बिजली गिरी तो भूकंप जैसा महसूस हुआ। तकरीबन आधे गंटे बाद बारिश रुकने पर बाहर निकलकर देखा तो मकान की दीवारों में दरारें पड़ गई थीं। इसके अलावा घर में इनवर्टर, पंखा, टीवी, एसी, फ्रिज, सीसीटीवी आदि तमाम उपकरण फुंक गए। इसी तरह पड़ोंस के कुछ घरों में भी नुकसान हुआ है।
जयंतीपुर में भी लोगों के घरों का यही हाल रहा। स्थानीय बिजलीघर से संपर्क करने पर बिजली सप्लाई तो सुचारू हो गई लेकिन हजारों रुपये का इलेक्टरॉनिक सामान खराब होने से लोगों के चेहरों पर मायूसी छाई रही।