मुरादाबाद। जिला अस्पताल में ई-हास्पिटल सेवा बुधवार से फिर से शुरू हो जाएगी। बजट नहीं मिलने से पिछले दो महीने से ई-हास्पिटल सेवा बंद पड़ी थी। मंगलवार को बजट जारी होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने ई-हास्पिटल सेवा को सुचारु करने के आदेश जारी कर दिए हैं। बुजुर्गों, विकलांगों और महिलाओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
सोमवार को शासन ने ई-हास्पिटल सेवा के लिए बजट जारी कर दिया। मंगलवार को अस्पताल प्रशासन ने संविदा कर्मियों के साथ बैठक की और बुधवार से ई-हास्पिटल सेवा सुचारु करने के निर्देश दिए। ई-हास्पिटल सेवा में पांच काउंटरों पर कंप्यूटराइज्ड ओपीडी पर्चे बनाए जाने के साथ आईपीडी के मरीजों की मेडिकल हिस्ट्री भी पोर्टल पर दर्ज होगी। इससे मरीज के पंजीकरण नंबर से प्रदेश में किसी भी सरकारी अस्पताल में उसकी मेडिकल हिस्ट्री पता चल जाएगी।
- ई-हास्पिटल सेवा सुचारु करने के लिए बजट मिल गया है। बुधवार से ई-हास्पिटल सेवा शुरू हो जाएगी। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और विकलांगों के लिए अलग से काउंटर खुलने से राहत मिलेगी।
- डा. ज्योत्सना पंत, सीएमस।
बजट न मिलने की वजह से बंद हुई थी सेवा
मुरादाबाद। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन दो हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं। मरीजों को ओपीडी पर्चे बनाने के लिए जूझना पड़ता है। ओपीडी पर्चा बनाने के मात्र दो काउंटर होने से मरीजों और तीमारदारों को घंटों लाइन में लगकर जूझना पड़ता है। मरीजों और तीमारदारों की समस्या को देखते हुए ही पिछले साल ई-हास्पिटल सेवा शुरू की गई। इसमें ओपीडी के पांच काउंटर खोले गए। महिलाओं, बुजुर्गों और विकलांग लोगों के लिए अलग से काउंटर बनाए गए। कंप्यूटराइज्ड पर्चे और अधिक काउंटर बनने से मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिली। सेवा का संचालन संविदा कर्मियों के माध्यम से किया जा रहा था। संविदा कर्मियों के मानदेय का बजट जारी नहीं होने से दो माह से ई-हास्पिटल सेवा बंद हो गई थी।