ठाकुरद्वारा-अलीगंज मार्ग पर तेज गति दौड़ डंपर बाइक को टक्कर मारकर पलट गया। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों के पिता डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
मोहल्ला जमनावाला वार्ड-13 निवासी अब्दुल गफूर के पुत्र शकील अहमद (35) और सलीम अहमद (32) शुक्रवार सुबह बाइक से उत्तराखंड के महुआखेड़ा गंज में मजदूरी करने जा रहे थे। ग्राम मानपुर दत्तराम और पीलकपुर के बीच तेज से गति से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर पलट गया। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सलीम अहमद को मृत घोषित कर दिया और शकील अहमद को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन पहले उसको काशीपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद ले जाने की सलाह दी। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। डंपर और क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक शकील की पत्नी नजराना और सलीम की पत्नी गुलफ्शा समेत बच्चों का रोते बिखलते बुरा हाल है।