रोडवेज बस अड्डों पर पीने के पानी की किल्लत, यात्री परेशान
मुरादाबाद। शहर में रोडवेज बस अड्डों पर पीने के पानी की किल्लत है। मुरादाबाद डिपो पर एक वर्ष पहले रोटरी क्लब ने वाटर कूलर लगाया था। अब यह वाटर कूलर पानी ठंडा नहीं कर रहा है। रोडवेज प्रबंधन इसे ठीक कराने की जहमत नहीं उठा रहा। नतीजतन रोडवेज बस अड्डे पर आने वाले यात्री स्टॉल से पानी की बोतलें खरीदने को मजबूर हैं। इसका लाभ लेकर कुछ स्टॉल संचालक पानी की बोतलें मंहगे दामों पर बेच रहे हैं।
मंगलवार को ईद की वजह से रूट डायवर्जन के चलते बसों को दूसरे स्थानों से चलाया गया। इस दौरान काफी यात्री जानकारी के अभाव में बस अड्डों पर पहुंचे। इन यात्रियों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा। नरेश, जयराम सिंह, हरपाल, मुकुंद आदि यात्रियों ने बताया कि वाटर कूलर मे ठंडा पानी नहीं आ रहा है। जबकि बस अड्डे पर साधारण पानी की टंकियों में टैंक का गर्म पानी आ रहा है। स्थिति यह है कि रोडवेज की कार्यशालाओं में काम करने वाले रोडवेज स्टाफ को भी पानी नहीं मिल पा रहा है। पीतलनगरी डिपो के पास स्थित कार्याशाला में केवल सरकारी हैंडपंप है, वह भी खराब पड़ा है। टंकियों में गंदा पानी आता है। स्टाफ का कहना है कि वे कई बार अधिकारियों से सिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई नहीं सुनता। मुरादाबाद डिपो स्थित क्षेत्रीय कार्यशाला में भी यही हाल है। परिवहन निगम के आंकड़ों के मुताबिक मुरादाबाद और पीतलनगरी डिपो से रोजाना तकरीबन 18 हजार यात्री सफर करते हैं। इसके बावजूद निगम यात्री सुविधाओं पर ध्यान नहीं दे रहा है।
हर माह मिलते हैं 10 हजार रुपये
मुरादाबाद। परिवहन निगम के जानकारों का कहना है कि प्रत्येक बस अड्डे के रखरखाव के लिए 10 हजार रुपये की धनराशि हर माह मुख्यालय से मिलती है। वहीं टिकट में भी यात्रियों से एक से दो रुपये तक सुविधा शुल्क लिया जाता है। ऐसे में हर दिन मुरादाबाद परिक्षेत्र यात्री सुविधाओं के लिए तकरीबन दो लाख रुपये अर्जित करता है। इसके बावजूद यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आरएम दीपक चौधरी का कहना है कि बस अड्डों पर यात्री सुविधाओं को दुरुस्त कराने के लिए एआरएम को निर्देशित किया जाएगा। गर्मी में यात्रियों को पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। जहां भी कमियां हैं उनमें सुधार किया जाएगा।
मैनें बस अड्डे पर लगे वाटर कूलर को बोतल भरने के लिए चलाया तो उसमें से गर्म पानी निकला। सामान्य पानी की टंकियों में भी गर्म पानी आ रहा है। मजबूर होकर स्टॉल से बोतल खरीदी।
- शगुन, यात्री
टंकियों में पानी तो आ रहा है लेकिन पीने लायक नहीं है। बस अड्डे पर शैचायल भी गंदे हैं। इनकी साफ सफाई को लेकर निगम ध्यान नहीं दे रहा है। इससे यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है।
- हरपाल सिंह, यात्री