डीएचओ के खिलाफ जांच के लिए आज आएगी टीम
निदेशालय उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) बैजनाथ सिंह के खिलाफ अनियमितताओं की शिकायत पर जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति शुक्रवार को आएगी। जांच समिति ने डीएचओ को सभी आवश्यक पत्रावलियों के साथ स्वयं उपस्थित रहने और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। डीएचओ द्वारा जिले में लहसुन बीज वितरण के लाभार्थियों की सूची उपनिदेशक उद्यान पूजा सक्सेना को उपलब्ध न कराने को लेकर विवाद चल रहा है।
इस संबंध में उपनिदेशक ने निदेशालय को पत्र लिखकर डीएचओ पर जिला पौधशाला पर अवैध कटान में लिप्त होने, बिना जीएसटी नंबर के बिलों का भुगतान करने, कोल्ड स्टोर का अवैध संचालन कराने के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई थी। शिकायत का संज्ञान लेकर निदेशालय द्वारा मार्च में जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया था।
संयुक्त निदेशक (शाकभाजी) राजीव कुमार वर्मा की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय जांच समिति नौ मई को सुबह 10:00 बजे जांच के लिए आएगी। जांच टीम की ओर से डीएचओ को पत्र भी जारी कर दिया गया है। जांच में सहयोग के लिए उपायुक्त (स्वरोजगार) आरपी भगत, उपनिदेशक उद्यान विजय चंद, उपनिदेशक उद्यान मुरादाबाद मंडल तथा वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक दिलीप कुमार को भी उपस्थित रहने को कहा गया है।
मेरे ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं। आरोपों की जांच के लिए गठित टीम शुक्रवार को आ रही है। उसके समक्ष मैं अपना पक्ष रखूंगा। मैंने सभी कार्य सही किए हैं। जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा। - बैजनाथ सिंह, जिला उद्यान अधिकारी
मैंने डीएचओ से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची मांगी थी, जो उन्होंने कई बार मांगने के बाद भी उपलब्ध नहीं कराई। जिससे मेरे पर्यवेक्षणीय कार्य में दिक्कत हुई। मजबूरन मुझे निदेशालय को पत्र लिखना पड़ा। इसके आधार पर जांच टीम के शुक्रवार को आने की जानकारी मिली है। - पूजा सक्सेना, उपनिदेशक उद्यान