मुरादाबाद। कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने बुधवार को कमिश्नरी सभागार में एक करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में कमिश्नर ने बाढ़ सुरक्षा के लिए कराए गए कटान निरोधक कार्याें की गुणवत्ता की स्थलीय जांच कराने का निर्णय लिया। साथ ही जांच की जिम्मेदारी मंडल के सभी जिलाधिकारियों को साैंपी है।
मंडलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने बिना सूचना अनुपस्थित रहे क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बरेली को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से मंडल में बाढ़ से सुरक्षा के लिए कराए गए कटान निरोधक कार्यों के संबंध में मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनाैर, रामपुर के डीएम को कार्यों की गुणवत्ता की स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा में अधिशासी अभियंता यूपी सीएलडीएफ मुरादाबाद और अधिशासी अभियंता यूपी सिडको मुरादाबाद के कराए जा रहे अधिकांश कार्यों की प्रगति खराब पाई गई। जिसपर कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समस्त विभागों को अपनी परिसंपत्तियों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को यह भी निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के पूर्ण होने की तिथि समाप्त होने वाली है, उन परियोजनाओं की निर्धारित समयावधि व्यतीत होने से पूर्व ही समय वृद्धि कराए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। ब्यूरो