मुरादाबाद। डीआईजी शलभ माथुर ने शनिवार को पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ईदगाह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। अधीनस्थ अधिकारी और पुलिस कर्मियों को मुस्मैद रहने के निर्देश दिए है, जबकि डीएम और एसपी सिटी ने ईदगाह का निरीक्षण किया। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
बकरीद के नमाज के मद्देनजर ईदगाह क्षेत्र को 11 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट और सीओ के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पांच सौ से ज्यादा पुलिस कर्मी, एक कंपनी आरएएफ और एक कंपनी पीएसी के जवानों भी तैनात की गई है। शनिवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने ईदगाह और उसके आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। डीएम ने संबंधित विभागों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शाम को डीआईजी शलभ माथुर ने मुगलपुरा, कटघर और गलशहीद क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। डीआईजी ने बताया कि सभी व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई हैं। पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। नमाज के दौरान सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इस दौरान रूट डायवर्जन की भी व्यवस्था की गई है।