मुरादाबाद। भगवान महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव और शरद पूर्णिमा पर सोमवार को शहर में श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिला। गुरहट्टी चौक से ताड़ीखाना चौक तक की गई सजावट के बीच भजन और धार्मिक संदेश गूंजते रहे। अमृतसर स्थित वाल्मीकि तीर्थ से आई अखंड दिव्य ज्योति से भगवान वाल्मीकि की महाआरती की गई।
जन-महानायक इंद्रेश हंसराज वाल्मीकि धर्मार्थ क्रांति सेवा अभियान एवं साहू राम स्वरूप वाल्मीकि स्मृति सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित समारोह में सुबह भगवान वाल्मीकि के मूल मंत्रों के जाप के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दिनभर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के एससी-एसटी आयोग की पूर्व सदस्य एवं राज्यमंत्री साध्वी गीता प्रधान ने किया। आयोजन में भगवान वाल्मीकि की डिजिटल झांकी और डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से उनकी कथा का प्रसारण किया गया। मुख्य संरक्षक मयंक हंसराज और मुख्य आयोजक आशीष हंसराज ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता जताई। संरक्षक लक्ष्मी देवी ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर मनोज कुमार, संजू वाल्मीकि, अरुण सिंह, वचन सिंह, अनिल कुमार, अशोक राही, राम किशोर, एडवोकेट इंद्रलता, नीरज गब्बर, सुनील कुमार, प्रदीप वाल्मीकि, नरेश दिवाकर आदि मौजूद रहे।