मुरादाबाद। जिले के हस्तशिल्प उद्योग और कारीगरों की सुविधा के लिए जिले में एडी (सहायक निदेशक) हस्तशिल्प कार्यालय बनाने की मांग तेज हो गई है। इस कार्यालय के बनने से शहर के करीब तीन लाख कारीगरों व हस्तशिल्प कारोबार से जुड़े उद्यमियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यूनाइटेड वेलफेयर एंड डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से जिला उद्योग बंधु समिति को पत्र भेजकर इस प्रस्ताव की शासन स्तर पर संस्तुति कराने की मांग की गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले में हस्तशिल्प विभाग का अलग कार्यालय नहीं होने से उद्यमियों और कारीगरों को परेशानी उठानी पड़ती है। हस्तशिल्प से जुड़े अधिकांश प्रशासनिक और विभागीय कार्यों के लिए उद्यमियों और कारीगरों को बरेली स्थित कार्यालय जाना पड़ता है। इससे समय के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ जाता है।
संगठन के अध्यक्ष मोहम्मद शाहवेज ने कहा कि यह मुद्दा पहले भी विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) के सामने उठाया जा चुका है लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। पद्मश्री दिलशान हुसैन का कहना है कि जिला उद्योग बंधु समिति इस विषय को प्राथमिकता से बैठक में शामिल कर शासन स्तर पर संस्तुति भेजे, ताकि मुरादाबाद में एडी हस्तशिल्प कार्यालय की स्थापना हो सके।