कांठ (मुरादाबाद)। दरियापुर, राईभूड़, वालापुर और शेरपुर पट्टी के ग्रामीणों ने रविवार को गांव दरियापुर में बड़ी रामगंगा नदी पर पीपा पुल (चट्टा पुल अस्थायी) बनाने की मांग की है। चारों गांव के प्रधान व ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम अनुज सिंह को प्रार्थना पत्र दिया है।
कांठ के गांव दरियापुर में हर साल गन्ना सीजन में लोक निर्माण निर्माण विभाग के द्वारा बड़ी रामगंगा नदी पर किसानों और गामीणों की सहूलियत के लिए अस्थायी पुल बनवाया जाता है, ताकि किसान चीनी मिलों तक अपना गन्ना रामगंगा नदी को पार कर आसानी से ले जा सकें। 2023 में भी लोक निर्माण विभाग ने रामगंगा पर पीपा पुल (चट्टा पुल अस्थायी) बनाया था। 2024 में किन्हीं कारणों से पुल नहीं बन पाया था। ग्रामीणों ने गन्ना सीजन शुरू होने से पूर्व रामगंगा पर अस्थायी पुल बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुल बन जाता है तो वह अपना गन्ना सीधे चीनी मिलों तक ले जा सकेंगे, अन्यथा उन्हें 70 किलोमीटर की दूरी तय कर जाना पड़ेगा। इसके लिए दरियापुर के प्रधान प्रेम सिंह सैनी, राईभूड़ के प्रधान भानू प्रताप सिंह, वालापुर की प्रधान यशोदा रानी, शेरपुर पट्टी के प्रधान तेजवीर सिंह सहित अंकित कुमार, आदित्य कुमार, कार्तिक कुमार, शंकर सिंह, रणवीर सिंह, हरिओम सैनी, संजीव सिंह, हरि सिंह आदि ग्रामीणों ने पुल बनवाने की मांग करते हुए डीएम अनुज सिंह को प्रार्थना-पत्र दिया है।