मुरादाबाद। एमडीए ने वर्ष 2031 तक के लिए शहर का नया मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। इसमें आम लोगों से भी सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। कोई भी व्यक्ति 24 अप्रैल तक अपने सुझाव एमडीए को दे सकता है। इसके बाद 26 अप्रैल को एमडीए की बोर्ड बैठक होगी। सात ही नया मास्टर प्लान लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
एमडीए के वीसी मधुसूदन हुल्गी का कहना है कि कि मास्टर प्लान 2031 का प्रदर्शनी आदि के माध्यम से प्रकाशन कर दिया गया है। अगर महायोजना के बारे में कोई भी व्यक्ति आपत्ति या सुझाव देना चाहता है तो 24 अप्रैल तक मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। इस तारीख के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। शहर के कई कारोबारियों ने मास्टर प्लान को लेकर अपनी आपत्तियां और सुझाव देने शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि विनीत धवन जवाहर नगर में चार माह से अनाधिकृत निर्माण करा रहे थे। शिकायत मिलने पर निर्माण को सील करा दिया गया है। प्राधिकरण को सूचना मिली है कि तत्कालीन जेई राजेंद्र सिंह की मिलीभगत से यह निर्माण चल रहा था। इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। वीसी का कहना है कि दोषी पाए जाने पर जेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।