मुरादाबाद। गर्मी के सीजन में लोगों ने हरिद्वार, ऋषिकेश, वैष्णो देवी समेत विभिन्न धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर जाना शुरू कर दिया है। इसके चलते ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट बढ़ गई है। इसे देखते हुए रेलवे समर स्पेशल ट्रेनें चलाने पर मंथन कर रहा है। रेलवे का मानना है कि अगले माह स्कूलों में भी ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो जाएगा। ऐसे में वेटिंग लिस्ट और बढ़ सकती है।
इससे निपटने के लिए रेलवे अलग अलग रूटों पर यात्रियों की संख्या की मॉनिटरिंग कर रहा है। समर स्पेशल ट्रेनें चलाने के लिए सभी रेल मंडलों से प्रस्ताव भी मांगे जाएंगे। इसके आधार पर ट्रेनों का संचालन होगा। मुरादाबाद की बात करें तो लखनऊ, बनारस, हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश समेत विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए ट्रेनों में सीटें फुल हैं। ऐसे में यदि समर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी तो यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि फिलहाल समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही रेल मंडलों से प्रस्ताव मांगे जाएंगे।