मुरादाबाद। अवध असम एक्सप्रेस (15910) के जनरल कोच में सफर कर रही 16 वर्षीय दिव्यांग किशोरी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस के मुताबिक फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मुरेटी निवासी लाली (16), पुत्री सुखदेव अपने परिजनों के साथ अवध असम एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही थी।
यात्रा के दौरान कोच में अत्यधिक गर्मी के कारण उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजनों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। जांच के दौरान परिजन भी मौके पर मौजूद मिले। उन्होंने पुलिस को बताया कि किशोरी दिव्यांग थी और गर्मी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह जताने से इनकार किया और शव का पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया। थाना प्रभारी रविंद्र वशिष्ठ ने बताया कि इसके बाद रेलवे पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।