मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में बुधवार रात रेलवे ट्रैक किनारे पीतल फर्म कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
कटघर के गोविंद नगर लंका बाग निवासी मनोज सक्सेना पीतल फर्म में नौकरी करते थे। बुधवार रात करीब नौ बजे वह फर्म से बाहर निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। दस बजे भदौरा रेलवे क्रासिंग के पास मनोज सक्सेना का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में ले लिया। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मृतक की पहचान मनोज सक्सेना के रूप में की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। कटघर थाने के उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।