डब्ल्यूएचओ की महिला अफसर ने सिविल लाइंस के जिस नामचीन होटल के बाथरूम में अपने साथ ताकझांक होने की शिकायत की है, पुलिस उसके कमरे और बाथरूम सर्च करेगी।
डब्ल्यूएचओ की महिला अफसर ने डीएम जुहैर बिन सगीर को व्हाट्एसप पर मैसेज भेजकर शिकायत की थी कि होटल में ठहरने के दौरान बाथरूम में उनके साथ ताकझांक हुई। महिला अधिकारी ने मैसेज में लिखा है कि वह सिविल लाइंस में स्थित नामचीन होटल के रूम नंबर 109 में ठहरी थीं। बाथरूम यूज करते वक्त उन्हें एहसास हुआ कि कोई ताकाझांकी कर रहा है।
महिला अफसर ने डीएम को भेजे मैसेज में कहा है कि उन्होंने शक होने पर चेक किया तो बाथरूम और कमरे में कई बारीक छेद मिले, जो आम तौर पर हिडन कैमरा लगाने के लिए इस्तेमाल होते हैं। मैसेज में महिला अफसर ने कहा है कि इस होटल में बड़ी संख्या में महिलाएं किटी पार्टी करने पहुंचती हैं, उन्हें भी अलर्ट किया जाए।
मुझे मोबाइल पर मैसेज के जरिए शिकायत मिली थी। मैंने मैसेज एसएसपी को बढ़ाते हुए जांच कराने को कहा है। जांच के बाद ही पता चल सकता है कि सच्चाई क्या है - जुहैर बिन सगीर, डीएम।
मामले की जांच कराई जाएगी। पुलिस टीम को भेजकर चेक कराएंगे कि क्या वास्तव में बाथरूम या रूम में कहीं छेद हैं। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - नितिन तिवारी, एसएसपी।