क्षेत्र में अवैध असलहों का धंधा बेखौफ चल रहा है इसका पता तब चला जब शुक्रवार को मैनाठेर हाईवे पर घायल हुए एक युवक के बैग से 15 से अधिक देसी कट्टे सड़क पर बिखर गए। आसपास के लोग बैग से बिखरे कट्टे और कारतूस देखकर भौचक रह गए। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने असलहों को कब्जे में लेकर बेहोश घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पूछताछ के लिए घायल के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है।
शुक्रवार की दोपहर संभल हाईवे पर ग्राम महमूदपुर माफी की आबादी के बीच ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। टक्कर लगने से गिरे युवक का काला बैग खुल गया। उसमें रखे कई देसी कट्टे सड़क पर बिखर गए। असलहे देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलवस्था में युवक से उसकी पहचान पूछी तो उसने अपना नाम धर्मेन्द्र पुत्र महीपाल निवासी सद्दीक नगर कस्बा सैफनी थाना शाहबाद जिला रामपुर बताया।
पुलिस के पहुंचने तक युवक घायल हो गया था। उसका काफी खून बह चुका था। उसे पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। बैग की जांच की तो उसमें से 315 बोर के 15 देसी तमंचे मिलने का दावा पुलिस ने किया। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक बैग तमंचों से भरा हुआ था उनकी संख्या अधिक हो सकती है। पुलिस ने घायल के सामन और तमंचे आदि को कब्जे में ले लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। पूछताछ के लिए घायल के होश में आने का इंतजार पुलिस कर रही है।
पुलिस ने घटना स्थल की वीडियोग्राफी
कुंदरकी। बैग से गिरकर बिखरे अवैध तमंचों को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी थी वहीं मैनाठेर पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए घटना स्थल की वीडियोग्राफी की गई ताकि वक्त पर साक्ष्य पेश किया जा सके।