मझोला के जयंतीपुर में आयोजित एक वैवाहिक समारोह स्थल के बाहर दूसरी कक्षा की छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया गया। वारदात को हाल ही मे जेल से छूटे नशे के आदी एक हेयर ड्रेसर ने तेज धार वाले हथियार (उस्तरे) से अंजाम दिया। छात्रा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी हेयर ड्रेसर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में उसके दो साथी भी शामिल थे, जिनकी तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है। जयंतीपुर में पीतल की ढ़लाई का काम करने वाले इरशाद से विवाद के कारण उनकी पत्नी भूरी अपने बच्चों के साथ इरशाद से अलग रहती है।
भूरी की बेटी तराना (13) दूसरी कक्षा की छात्रा है। वह केजीएम जूनियर हाई स्कूल में पढ़ती है। तराना बुधवार को अपनी छोटी बहन आलम जहां के साथ कालोनी में ही रहने वाले टीचर जाकिर के शादी समारोह की दावत में गई थी।
वह खाना खाकर बाहर निकली तो अचानक पीछे से आए एक आरोपी ने छात्रा के गले पर तेज धार हथियार से वारकर घायल कर दिया। छात्रा ने बताया कि वह लहूलुहान होकर नीचे गिर गई, आरोपी की शक्ल वह नहीं देख सकी है। भागते हुए उसकी शर्ट देखी जो कि पीले रंग की है।
घायल छात्रा को वैवाहिक समारोह में शामिल लोग जिला अस्पताल लेकर आए, मामले की सूचना जयंतीपुर पुलिस चौकी पर जाकर दी गई। सूचना मिलने पर कार्यवाहक एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।
एसएसपी मनोज तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तीन युवकों के नाम बताए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी शमीम उर्फ पवन्नी निवासी जयंतीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथी सलमान और अनीस की तलाश जारी है।