नगर में अग्रवाल सभा रोड पर वार्ड सात में एक नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चे के शव के काफी हिस्से को कुत्तों द्वारा क्षतविक्षत किया जा चुका था। पुलिस ने शव को मोहल्ले के लोगाें की मदद से श्मशान में दफन करा दिया है।
गुरूवार को सुबह करीब सात बजे मोहल्ले के लोगों की नजर सड़क पर पड़े नवजात के शव पर पड़ी। राकेश सरार्फ के घर के पास कुत्ता एक नवजात शिशु के शव को नोंच रहा था। थोड़ी देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को भाजपा के नगर अध्यक्ष शिवेंद्र गुप्ता, रूद्रदत्त शर्मा आदि के सहयोग से श्मशान में दफन करवा दिया। लेकिन पुलिस ने बच्चे की असलियत तक पहुंचने का प्रयास नहीं किया।
मामला रफा दफा हो गया। नवजात बच्चे के शव को लेकर नगर में पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। लोगों का कहना है कि नगर में कई स्थानों पर अवैध रूप से गर्भपात और जच्चा बच्चा केंद्रों का संचालन हो रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा के अधीक्षक डा. एसएस तोमर ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।