मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती में रविवार देर रात एक युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल की है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से सीतापुर निवासी विजयपाल अपनी पत्नी सुमन और बेटी महक के साथ कटघर थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती निवासी चंद्रपाल के मकान में किराए पर रहता था। वह फार्म में पॉलिश का काम करता था। बताया जा रहा है कि नोएडा में रहने वाला उसका भाई भाई कुलदीप 3 दिन पहले ही उसके घर आया था।
रविवार को फार्म की छुट्टी होने के कारण विजय पाल भी घर पर ही मौजूद था।बताया जा रहा है कि रविवार रात दोनों भाइयों ने साथ में बैठकर शराब पी और खाना खाने के बाद कुलदीप अपने बहनोई इंद्रजीत के घर सोने चला गया था। इसके बाद विजयपाल भी अपने परिवार के साथ सो गया।
रात में पत्नी जागी तो पति को न पाकर हुई परेशान
विजयपाल की पत्नी सुमन ने पुलिस को बताया कि देर रात करीब 3:30 बजे बह जागी तो उसने देखा कि विजयपाल अपने बेड पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान सुमन ने अपने कमरे से बाहर निकल कर देखा तो टीनशेड में विजयपाल का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद सुमन अपने नंदोई इंद्रजीत के घर गई और उसने विजयपाल के फंदे पर लटके होने की जानकारी दी। कुछ ही देर में इंद्रजीत और कुलदीप समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कुलदीप ने बताया कि उसके भाई के घुटने फर्श पर टिके हुए थे।कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम बुलवाकर मौके पर जांच पड़ताल करवाई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विजयपाल की मौत किस तरह हुई है।