कस्बे के मोहल्ला शनिवार का बाजार में स्थित एक मदरसे में सोमवार को कक्षा एक के छात्र आमिर की एक शिक्षक ने पिटाई कर दी। पिटाई से छात्र को बुखार आ गया। बुखार से तपता छात्र घर पहुंचा तो परिजनों को मदरसे में उसकी पिटाई की जानकारी हुई। परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ पाकबड़ा पुलिस को तहरीर दी है।
पाकबड़ुा के मोहल्ला मुल्लानों वाला निवासी ई रिक्शा मैकेनिक राशिद हुसैन का छह वर्षीय बेटा मोहम्मद आमिर कस्बे में ही मोहल्ला शनिवार का बाजार स्थित अब्दुल सलाम इस्लामी मदरसे में पढ़ता है। कक्षा एक में पढ़ने वाला आमिर सोमवार को मदरसे से घर लौटा तो उसे तेज बुखार आ रहा था।
दवा दिलाकर परिजनों ने आमिर को सुला दिया। लेकिन देर शाम जब आमिर की मां ने उसके कपड़े बदले तो मासूम बेटे की पीठ पर पिटाई के निशान देख कांप उठी। बच्चे से पूछा गया तो उसने बताया कि मदरसे में शिक्षक ने उसकी पिटाई की थी।
वजह पूछने पर बच्चे ने परिजनों को बताया कि वह क्लास में खेलने लगा था। तभी एक शिक्षक वहां पहुंचे और उन्होंने संटी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। पीठ पर संटी मारने से बच्चे की पीठ पर निशान पड़ गए।
राशिद हुसैन देर शाम बेटे को लेकर पाकबड़ुा थाने पहुंचे और बेटे को पीटने वाले मदरसा शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, मदरसा शिक्षक का पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।