मझोला थानाक्षेत्र के मंडी समिति गेट के सामने प्राइमरी स्कूल के पास सिरफिरे आशिक ने इकतफरा इश्क में एक युवती पर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। आरोपी पिछले डेढ़ माह से उसपर शादी के लिए दबाव बना रहा था। इस घटना से परिवार में चीख पुकार मच गई।
युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली ले जाते समय युवती की मौत हो गई। मंडी समिति गेट के सामने प्राइमेरी स्कूल के पास राजमिस्त्री महावीर सैनी का परिवार रहता है। महावीर सिंह की तीन बेटी पूजा, किरण, पूनम और एक बेटा अंकित कुमार है।
महावीर सैनी ने बताया कि उसकी तीसरे नंबर की बेटी पूनम कपड़ा सिंचाई करता और नौवीं कक्षा में पढ़ रही है। पूनम को पड़ोस में रहने वाले कारखानेदार महीलाल सैनी का बेटा शिव दत्त सैनी डेढ़ माह से तंग कर रहा था। वह उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। लेकिन पूनम उसे पसंद नहीं करती थी।
शुक्रवार की भी आरोपी शिव दत्त तमंचा लेकर उसके घर में घुस आ था। उसने उसे धमकाया था कि शादी के लिए तैयारी हो। वरना उसके परिवार को खत्म कर दूंगा। आरोपी युवती को अपने साथ भी ले गया था। लेकिन बाद में उसे छोड़कर चला गया था। शनिवार सुबह युवती घर में मौजूद थी। जबकि उसकी मां शारदा नहा रही थी।
पिता महावीर काम पर गया था। जबकि बेटा भी घर में मौजूद नहीं था। इसी बीच शिव दत्त अपने पिता के साथ उसके घर में पहुंच गया और मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। बेटी की चीख पुकार सुनकर मां भी बाहर आ गई। तब तक आरोपी फरार हो गए थे। इस घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
परिजन युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे दिल्ली भेज दिया गया। दिल्ली ले जाते समय युवती ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पूनम की बुआ ने बताया ने बताया कि पूनम की मौत हो गई। परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी है।
मझोला इंस्पेक्टर नवरतन गौतम ने बताया कि शिव दत्त और उसके पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। युवती के बयान दर्ज कराए गए हैं। युवती ने शुरुआत में दरोगा और एक महिला कांस्टेबल को बताया था कि आरोपी उसे तंग कर रहा था।
जिससे परेशान होकर उसने आग लगाई। लेकिन बाद में मजिस्ट्रेट को बयान दिए हैं कि शिव दत्त और उसके पिता ने मिट्टी का जेल डालकर आग लगाई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।