पॉश कालोनियों में शुमार आदर्श नगर में सोमवार देर शाम बदमाशों ने फारेन करेंसी एक्सचेंज कारोबारी सुरेंद्र अरोड़ा के घर धावा बोलकर लाखों की लूट को अंजाम दिया। डॉलर बदलवाने के बहाने घर में घुसे तीन बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी और बेटी को तमंचे के बल बंधक बना लिया।
इसके बाद पत्नी के जेवर उतरवा लिए। तत्काल बाद मार्केट से रुपये जुटाकर घर लौटे कारोबारी के बेटे को भी बदमाशों ने काबू कर लिया और उससे पांच लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश परिवार के तीनों सदस्यों को एक कमरे में बंद कर बदमाश फरार हो गए।
खिड़की तोड़कर बाहर आए कारोबारी के बेटे ने शोर मचाया तब लोगों को घटना की जानकारी हुई। लूट की यह सनसनी घटना कटघर थानाक्षेत्र के आदर्श नगर में हुई। कारोबारी सुरेंद्र अरोड़ा अपनी आंखों का ऑपरेशन कराने के लिए फरीदाबाद गए थे। घर में पत्नी संतोष अरोड़ा और बेटी पूजा अरोड़ा थी।
जबकि बेटा आकाश अरोड़ा मार्केट से रुपये इकट्ठा करने गया था। शाम करीब सवा सात बजे तीन बदमाश जीने से कारोबारी के घर में घुस गए। पत्नी और और बेटी ने विरोध किया तो एक बदमाश बोला कि उन्हें डॉलर बदलवाने हैं।
इंकार करने पर बदमाश जबरन दरवाजे को धक्का देकर अंदर घुस गए और मां-बेटी को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद संतोष और पूजा का मोबाइल छीन लिया।
धमकी देते हुए बदमाशों ने संतोष के सभी करीब दस तोले के सोने व डायमंड जेवर उतरवा लिए। इसी बीच कारोबारी का बेटा आकाश मार्केट से घर लौटा तो उसे भी काबू कर के पांच लाख रुपये लूट लिए। इसके बादमाश मां-बेटी और बेटे को कमरे में बंद कर फरार हो गए।
इसके बाद आकाश ने खिड़की तोड़ी और पड़ोसी जीतू के मकान की छत पर कूद गया और वहां से शोर मचाया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की। इसके बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई। एसपी सिटी और एससपी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी पीड़ित परिवार से पूछताछ की।