पाकबड़ा थानाक्षेत्र में आठवीं की छात्रा ने छेड़खानी से आहत होकर स्कूल जाना बंद कर दिया। उसे एक आरोपी शोहदा स्कूल जानते और आते समय तंग कर रहा था। स्कूल न जाने पर परिजनों के पूछने पर उसने आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराने को तहरीर दी।
पीड़ित छात्रा कस्बे के ही एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। छात्रा के पिता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी को स्कूल जाते और आते समय एक युवक तंग कर रहा है। जब बेटी विरोध करती है तो आरोपी उस पर तेजाब डालने की धमकी देता है। धमकियां से डरी सहमी छात्रा ने स्कूल जाना बंद दिया है।
जब छात्रा स्कूल नहीं गई तो परिजनों ने पूछताछ की। इसके बाद छात्रा ने बताया कि आरोपी उसे दो माह से तंग कर रहा है। पाकबड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर आई है। मामले की जांच की जा रही है।