कोतवाली ठाकुरद्वारा के गांव सुल्तानपुर दोस्त में शुक्रवार शाम बीएससी स्टूडेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर भाग गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग बाहर निकले और घायल छात्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, हालांकि रास्ते मे ही छात्र की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है, हमलावर की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, सुल्तानपुर दोस्त गांव में हनीफ का परिवार रहता है। हनीफ का बेटा नावेद (21) मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था।
वह शाम करीब सवा सात बजे घर पर बैठा था कि तभी मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया। मोबाइल पर बात करते हुए नावेद घर से बाहर निकला और गली की तरफ जाने लगा। इस दौरान हमलावर ने सुनसान गली में नावेद को निशाना बनाया और उसे गोली मारकर भाग गया।
घायल छात्र जमीन पर गिरकर बचाव के लिए शोर मचाया तो परिवार के लोगों के साथ आसपास के घरों के लोग बाहर आए और घटना की सूचना पुलिस को दी। घायल छात्र को उपचार के लिए काशीपुर ले जाया गया, जहां से उसे मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया।
सीओ ठाकुरद्वारा कालू सिंह ने बताया कि घायल छात्र को मुरादाबाद ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई है। हमलावर की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है।