मझोला थानाक्षेत्र के एकता कालोनी में रहने वाले एक युवक को उसके सगे भाई ने मार डाला। लालच में अंधा हुआ भाई बहाने से युवक को मेरठ ले गया और वहां चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। लाश को गेहूं के खेत में फेंककर फरार हो गया। शक के घेरे में आए भाई से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस लाश बरामद करने के लिए आरोपी को साथ लेकर मेरठ के लिए रवाना हो गई है। एकता कालोनी में राजकीय कन्या इंटर कालेज के पास रहने वाला सूरज पाल (20)पुत्र मुखराम कार चालक था। बदायूं के विजय नगर निवासी रीना से उसका रिश्ता तय हो चुका था और आने वाले ग्यारह मार्च को शादी थी। लेकिन उससे पहले ही उसके सगे भाई तेजपाल ने उसकी हत्या करने की साजिश रच डाली।
सूरज के नाम एक प्लाट है। जिसकी कीमत करीब छह लाख रुपये है। इस प्लाट के लिए ही तेजपाल ने ये गुनाह किया है। सूरज के चचेरे भाई पप्पू ने बताया है तेजपाल उसे 21 फरवरी को मेरठ ले गया था। सफर के दौरान सूरज ने अपनी मंगेतर को कॉल कर बताया था कि वह अपने भाई के साथ मेरठ जा रहा है।
इसके अलावा भी उसने दो और युवकों को भी इसकी जानकारी दी थी। 22 फरवरी को तेजपाल तो घर लौट आया। लेकिन सूरज नहीं आया। उसकी तलाश शुरू की गई। तब सभी ने बताया है कि अपने भाई के साथ मेरठ गया था। पुलिस ने तेजपाल से पूछताछ की। तब उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस उसे लेकर मेरठ के लिए रवाना हो गई है।