मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के दीन दयाल नगर में शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी से सोने की चेन लूट ली। घटना के समय महिला साईं मंदिर से पूजा कर अपने घर लौट रही थी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
सिविल लाइंस के आर्य नगर निवासी गुलशन राय सिक्का की पत्नी सरला सिक्का शुक्रवार को अपनी पड़ोसन के साथ साईं मंदिर पूजा करने गई थीं। दोनों महिलाएं जैसे ही मंदिर से बाहर सड़क पर पहुंचीं। इसी दौरान तेजी से मधुबनी मार्क की ओर से तेजी से एक बाइक आई। महिलाएं कुछ समझ पाती। उससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर सरला सिक्का के गले से सोने की चेन तोड़ दी। महिलाओं ने शोर मचाया। लेकिन बदमाश रामगंगा विहार की ओर बाइक दौड़ाकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित से घटना की जानकारी करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू की। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। खबर मिलने महिला के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। देर रात सिविल लाइंस थाने में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।