भगतपुर(मुरादाबाद)।
थाना क्षेत्र के ग्राम ठिरियादान के पास मंगलवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई तीन युवकों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में कोहराम मचा हुआ है। बुधवार की दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवकों के शव गांव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। बुधवार को गांव में अधिकतर घरों में चूल्हे नहीं जले। गांव की हर चौपाल व बैठक पर एकत्र लोग की जुबान पर सिर्फ घटना का ही जिक्र है। वहीं प्रशांत की बहन रीना की मंदिर में सादे तौर फे रे करवा दिए गए।
थाना क्षेत्र के ग्राम ठिरियादान के समीप मंगलवार की रात्रि लगभग दस बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से प्रशांत 28 वर्ष, बंटी सिंह 24 वर्ष और दीपक सहदेव 29 वर्ष निवासी ठाकुरद्वारा की मौत हो गई थी। सूचना पाकर परिजन और काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा किया था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया व शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भेज दिया था। बुधवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद प्रशांत व बंटी सिंह के शव जैसे ही निबाड़ खास गांव पहुंचे तो चीख पुकार मच गई। चीख-पुकार की आवाज सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गई।
गौरतलब है कि बुधवार को प्रशांत की बहन रीना की मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम ललवारा से बारात आनी थी। लेकिन हादसा होने से खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। बुधवार की सुबह विवाह के लिए लगाई गई सजावट को उतार लिया गया व किए गए इंतजाम को हटा दिए गया। बाद में सादे तौर पर मंदिर में उसका विवाह करवा दिया गया। घटना को लेकर हर किसी की आंखें नम है व गांव के अधिकतर घरों के चूल्हे नहीं जले। प्रशांत की मौत से पत्नी संध्या व मां लीला सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशांत चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। वहीं बंटी सिंह छह भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। बंटी की मौत से मां मिथलेश सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बुधवार को शवों के गांव में पहुंचने के लगभग दो घंटे बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया ।