दिल्ली रोड पर मंगलवार सुबह दूसरे वाहन को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में आठवीं के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के समय दोनों दोस्त हर्बल पार्क में नया साल मनाकर लौट रहे थे। छात्र की मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया। बिना हेलमेट के नाबालिग छात्र बाइक दौड़ा रहे थे।
नए साल पर हादसे में जान गंवाने वाला छात्र अमित कुमार (15) मझोला के लाइन पार प्रकाश निवासी था। वह इंदिरा गांधी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था। मंगलवार सुबह अमित ने अपने भाई की बाइक घर से निकाल ली और अपने दोस्त विशाल (15) को बैठाकर हर्बल पार्क में ले गया। यहां कुछ देर रुकने के बाद छात्र साढ़े नौ बजे अपने घर लौट रहे थे। दिल्ली रोड पर गुलाब रिसोर्ट के सामने इनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों दोस्त घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। जहां डाक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। छह माह पहले ही बीमारी के चलते अमित के पिता रेवत सिंह की मौत हुई थी। परिवार में मां गीता देवी, भाई अनिल, सुनील, राजेश और समीर हैं। परिजनों ने बताया कि उन्हें बिना बताए ही छात्र बाइक निकाल कर हर्बल पार्क में चले गए थे। लोगों का कहना था कि छात्र हेलमेट पहने होता तो जान बच सकती थी।