औषधि निरीक्षकों की टीम ने बुधवार दोपहर संभल में नशा करने के लिए बेची जा रही दवाओं का बड़ा भंडार पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में दवा को सीज कर दिया गया। स्टोर संचालक दोनों साझीदारों के खिलाफ ड्रग एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
औषधि उपायुक्त आरपी पांडे ने बताया कि संभल में युवाओं को मेडिकल स्टोर से नशा करने के लिए दवाई बेचे जाने की शिकायत मिल रही थीं। जांच कराने पर पता चला कि नखासा थानाक्षेत्र के रुकंदी सराय में शुक्ला मेडिकल स्टोर से मानकों को ताक पर रखकर दवाओं की बिक्री की जा रही थी। इन दवाओं की ज्यादा मात्रा का सेवन कर लोग नशा कर रहे थे। सूचना के आधार पर मुरादाबाद के औषधि निरीक्षक नरेश मोहन दीपक, रामपुर के अनुरोध कुमार, अमरोहा के राजेश कुमार और बिजनौर के आशुतोष मिश्रा की टीम बनाकर छापामारी कराई गई।
औषधि निरीक्षक नरेश मोहन दीपक ने बताया कि मेडिकल स्टोर पर बिना बिल की दवाइयों का भंडार पाया गया। स्टोर संचालकों ने कार्रवाई का विरोध किया और हंगामा शुरू कर दिया। उसके चलते पुलिस को बुलाना पड़ा। स्टोर संचालक मनमाने तरीके से इन दवाओं की बिक्री नशा करने वालों को कर रहे थे। दुकान से ट्रेमाडॉल इंजेक्शन की 70 वायल, स्पासमो प्रोक्सीवोन के 2424 कैपसूल और एविल की टेबलेट और इंजेक्शन भारी मात्रा में पकड़े गए। यह करीब डेढ़ लाख रुपये की दवा थी। इसको सीज कर दिया गया है। इसके साथ ही स्टोर संचालक मोहन चंद शुक्ला और मुनीजरा बेगम के खिलाफ ड्रग एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।