महिला थाने में सोमवार दोपहर को एक युवती अपनी सास की शिकायत करने पहुंची। युवती चाहती है कि वह पढ़ लिखकर अपने पैरों पर खड़ी हो जाए और परिवार को संभाले लेकिन युवती की सास चाहती है कि उसकी बेटी अब पढ़ाई बंद कर दे। इस वजह से युवती परेशान है।
युवती ने बताया कि उसकी शादी एक साल पहले ही हुई है। पति प्राइवेट नौकरी करता है। वह खुद बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। लेकिन उसकी सास उसकी पढ़ाई बीच में ही छुड़वा देना चाहती है, वह चाहती है कि युवती घर पर ही रहे और घरेलू काम करे। जबकि युवती की इच्छा है कि वह पढ़ लिखकर अध्यापिका बने और बच्चों को शिक्षित कर सके। युवती से जब एसओ महिला थाना ज्योति सिंह ने लिखित शिकायत करने के लिए कहा तो उसने कहा कि मैडम तहरीर देने से तो मेरी समस्या बढ़ जाएगी। ससुराल वाले नाराज हो जाएंगे। वह चाहती है कि पुलिस अपने स्तर पर ही उसकी सास को समझाए, जिससे की उसका घर टूटने से बच जाए और उसकी पढ़ाई में भी अड़चन न आए। एसओ महिला थाना ने युवती को आश्वासन दिया है कि वह मदद करेंगी।