मुरादाबाद। चक्कर की मिलक में मंगलवार दोपहर को एक एयर कंप्रेशर फट गया। इससे दीवार टूट गई और दुकानदार को गंभीर चोट लगी, जबकि चार अन्य लोगों को भी चोट आई। कंप्रेशर फटने से कालोनी के लोग सहम गए, वह घरों से बाहर निकले। घायल दुकानदार का अस्पताल में उपचार कराया गया है।
चक्कर की मिलक में रहने वाले जाकिर की पंचर की दुकान मोहल्ले में ही है। जाकिर की बेटी शाहरीन ने बताया कि दोपहर के वक्त एयर कंप्रेशर से उसके पिता साइकिल में हवा भर रहे थे, इस दौरान ही कंप्रेशर तेज आवाज के साथ फट गया। एयर कंप्रेशर में धमाका इतनी तेज हुआ कि दुकान की दीवार भी टूट गई। दुकान के बाहर साइकिल में हवा भर रहे दुकानदार जाकिर की जख्मी हो गए। आसपास मौजूद चार अन्य लोग भी चोटिल हुए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। आसपास के लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लगा कहीं बड़ा ब्लास्ट हो गया। बच्चे डर गए और अन्य लोग सहम गए। घरों से बाहर निकलकर देखा तो एयर कंप्रेशर फटने की जानकारी हुई। एसएचओ सिविल लाइन शक्ति सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे के संबंध में जानकारी की, इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है।