एकता विहार में रहने वाली महिला नरगिस की मौत के बाद रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंदेशा जताया गया है कि महिला ने जहर खाया है, जिस वजह से उसकी मौत हुई है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
सीओ कटघर सुदेश गुप्ता ने बताया कि रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद नरगिस के शव को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस मामले में उन्होंने एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। परिवार वालों ने बताया नरगिस तनाव में रहती थी, अंदेशा जताया जा रहा है कि तनाव के कारण ही उसने जहर खाकर जान दी है।
एकता विहार कालोनी में शनिवार दोपहर को नरगिस उर्फ नन्ही (40) का कमरे में पलंग पर शव पड़ा मिला था। एकता विहार में नरगिस का मायका है, उसकी ससुराल रामपुर में पीले तालाब के पास की है। नरगिस नि:संतान थी। पति जाहिद प्राइवेट कर्मचारी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।