नोट बंदी का फायदा उठाते हुए एक ठग ने लोगों को बीस लाख रुपये का चूना लगा दिया। उसने लोगों को 20 से 30 प्रतिशत के हिसाब से रुपये चेंज करने का झांसा देकर रकम ठग ली। लोग अपनी रकम लेने उसके घर पहुंचे तो वह फरार हो चुका था। पीड़ित लोगों ने कटघर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कटघर के रहमत नगर में रहने वाले मनी एक्सचेंजर ने लोगों से नोट बदलने का झांसा देकर उनके बीस लाख रुपये जमा करा लिए। उसने 20 से 30 प्रतिशत के हिसाब से रकम काटने के बाद बाकी रकम वापस करने को कहा था।
असालतपुरा निवासी फहीम, पीतल बस्ती निवासी मो. इरफान और गुलाबबाड़ी निवासी महिला समेत करीब एक दर्जन लोगों ने आरोपी को अपनी रकम दी थी। उसने लोगों को नई करेंसी देने का झांसा दिया था। आरोपी ने लोगों से कहा था कि सभी लोग सोमवार को उसके घर आकर नई करेंसी ले जाए।
रकम जमा करने वाले लोग सोमवार को आरोपी के घर पहुंचे तो पता चला कि वह एक दिन पहले ही अपना सामान बटोर कर फरार हो चुका था। इस घटना से रकम जमा करने वालों के होश उड़ गए। उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। हालांकि कटघर इंस्पेक्टर एसपी सिंह ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। अगर शिकायत आएगी तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।