दिल्ली हाईवे पर रविवार रात को उस वक्त हंगामा हो गया, जब कांवड़ियाें के जत्थे के साथ जा रहे एक व्यक्ति को सिपाही ने धक्का दे दिया। विरोध में कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाकर शांत किया।
दिल्ली हाईवे पर लोकोशेड़ पुल के पास रात को नौ बजे कांवड़ियों का एक जत्था जा रहा था। इस दौरान जत्थे के साथ एक युवक भी था। जिसे सिपाही ने रास्ते से हटने के लिए कहा। वह नहीं माना तो सिपाही ने उसे धक्का दे दिया। युवक ने खुद को कांवड़िया बताया और नारेबाजी करने लगा। इस दौरान अन्य कांवड़िया भी इकट्ठे हो गए और हाईवे पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान वहां पर तैनात लाइनपार चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सोलंकी कांवड़ियों को शांत कराने पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी। एसपी सिटी अंकित मित्तल, एएसपी अपर्णा गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सिपाही के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन कावंड़ियों को दिया गया तो दस मिनट बाद वह हाईवे से हटे। एसपी सिटी ने बताया कि सिपाही से कहासुनी हुई थी, धक्का मुक्की नहीं।