पारकर चौराहे के पास रहने वाली एक वृद्धा (62) को दो युवकाें ने रोक लिया, इनमें से एक ने खुद को ज्योतिषी बताया और महिला को संकट से उबारने का झांसा देकर जेवर ठग लिए। इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत की गई है।
वृद्धा मुन्नी शर्मा ने बताया कि वह सुबह गाय को रोटी खिलाने के लिए गई थी। इस दौरान वहां पर एक 35 वर्षीय युवक ने अम्मा जी कहकर उन्हें रोका और एक डॉक्टर का पता पूछने लगा। महिला ने पते के बारे में जानकारी होने से इंकार कर दिया। इसके बाद वहां पर एक युवक आया तो उससे भी पता पूछा। उसने जानकारी देने से इंकार किया है। इसके बाद महिला को बताया कि उसके परिवार के सदस्यों पर संकट आने वाला है, महिला ने बताया कि उसका बेटा बाहर था, ऐसे में वह डर गई। वह आरोपी के झांसे में आ गई। आरोपी ने महिला से दो अंगूठी, दो टॉप्स उतरवा लिए। इसके बाद महिला को 20 कदम दूसरी तरफ जाने के लिए कहा और पीछे मुड़कर न देखने की बात कही। इसके बाद महिला वापस आई तो आरोपी भाग चुके थे। बता दें कि तीन दिन पहले इसी तरह की वारदात मझोला थानाक्षेत्र में हुई थी, अंदेशा है कि दोनों वारदात एक ही गिरोह ने की। एसएचओ कोतवाली रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।