मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र के अंबेडकर नगर में बुधवार सुबह एक आरोपी ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर एक किशोरी के साथ छेड़खानी की। किशोरी के पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। सिर में ईंट मारकर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे उनकी 16 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। तभी मोहल्ले में रहने वाला एक युवक अपने तीन साथियों के साथ उनके घर में घुस गया। आरोपी ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए और विरोध करने पर मारपीट भी की। इसी दौरान किशोरी का पिता घर आ गया। बेटी के साथ छेड़खानी की घटना होता देख वह आरोपियों से भिड़ गया। पीड़िता के पिता का कहना है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। उनके सिर में ईंट से प्रहार किया जिससे सिर से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। पीड़िता का पिता घायल अवस्था में ही कटघर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर ली है। इसके बाद पीड़ित एसएसपी कार्यालय पहुंचा और कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसएसपी आफिस पर मौजूद सीओ राजेश कुमार सिंह ने उसकी तहरीर को कटघर थाने भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।