बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के गांव बभिया निवासी मूसा को किशोरी से दुष्कर्म के मामले में कैंट पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। मूसा हिस्ट्रीशीटर पाताराम का सगा भतीजा है। पाताराम की पिछले दिनों गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि भाई भतीजे अभी भी इलाके में दबंगई कर रहे हैं।
11 जून को किशोरी पिता के साथ कैंट इलाके में आई थी। उसने बताया कि नौ जून को वह घर में अकेली थी और रसोई में खाना बना रही थी। तब आरोपी मूसना उर्फ मूसा उसके घर में घुस गया और तमंचा दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाया तो उसके भाई आ गए। तब आरोपी ने उन्हें भी तमंचा दिखाकर धमकाया। इसके बाद शिकायत पर अंजाम भुगतने की चेतावनी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने युवती के पिता की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मूसा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे बुधवार को जेल भेजा गया।